vगोरखपुर महाराजगंज जिले के विद्युत वितरण उपकेंद्र परतावल में ट्रांसफार्मर आवंटन और स्थापना प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों ने विभागीय पारदर्शिता पर उंगली उठा दी है। ग्राम हरपुर निवासी लखीचंद ने मुख्य अभियंता, विद्युत वितरण क्षेत्र गोरखपुर को लिखित शिकायत भेजकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया है।
शिकायत में परतावल उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता जुगुनू पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। लखीचंद के अनुसार, धनगढ़ा क्षेत्र में ट्रांसफार्मर स्थापित करते समय निर्धारित मानकों की अनदेखी की गई। उनका आरोप है कि कथित आर्थिक लेनदेन के आधार पर आवश्यकता से अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया गया। शिकायतकर्ता ने स्टोर रजिस्टर, निर्गमन रजिस्टर तथा स्थापना अभिलेखों की गहन जांच की मांग की है ताकि तथ्य सामने आ सकें।महादेवा चौराहा क्षेत्र में हुए ट्रांसफार्मर आवंटन को लेकर भी शिकायत में पारदर्शिता बरतने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि कुछ प्रकरणों में विभागीय प्रक्रिया का पालन नहीं हुआ, जिससे सरकारी संसाधनों के समुचित उपयोग पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
इस संबंध में जब संवाददाता ने अवर अभियंता जुगुनू और SDO परतावल मयंक अग्रवाल से पक्ष जाना, तो दोनों ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन का कार्य पूरी तरह तकनीकी आवश्यकता और जनहित को ध्यान में रखकर किया गया है।
फिलहाल आरोपों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विभागीय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। स्थानीय लोग भी जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं। उनका मानना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह केवल प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति के दुरुपयोग का गंभीर मामला होगा।
