ऊषा कंपनी की पहल से किसानों, विधवाओं और दिव्यांगजनों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
बांदा। आसमान से बरसती आग और 45 डिग्री के पार पहुंचते तापमान के बीच बड़ोखर ब्लॉक के ग्राम पंचायत बड़ोखर में मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली। ऊषा कंपनी की ओर से किसानों, गरीब परिवारों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को निःशुल्क 100 कूलर वितरित किए गए। कूलर पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी।
ग्राम पंचायत बड़ोखर में प्रेम सिंह की बगिया में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। भीषण गर्मी के इस दौर में जरूरतमंद परिवारों को कूलर उपलब्ध कराने की पहल को लोगों ने राहत और सेवा का अनूठा संगम बताया।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही सच्ची सेवा है। जब गर्मी आम जनजीवन को प्रभावित कर रही हो, ऐसे समय में जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाना सराहनीय और प्रेरणादायक कदम है।कूलर प्राप्त करने वाले कई लाभार्थियों ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण वे कूलर खरीदने में सक्षम नहीं थे। ऐसे में यह सहायता उनके लिए किसी उपहार से कम नहीं है। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक कूलर वितरित किए गए।इस अवसर पर कल्लू सिंह राजपूत, प्रेम सिंह, बलवान सिंह, विनोद जैन, वरिष्ठ पत्रकार हमजा भाई सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता कर इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना की।भीषण गर्मी के बीच राहत पहुंचाने का यह प्रयास न केवल सामाजिक सरोकारों की मिसाल बना, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि सामूहिक प्रयासों से जरूरतमंदों के जीवन में सुखद बदलाव लाया जा सकता है।
