लाखों का सौंदर्यीकरण बर्बाद, रेलिंग तोड़कर घुसते हैं असामाजिक तत्व, प्रशासन मौन
रीवा। शहर के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल रानी तालाब मंदिर परिसर असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया है। यहां जल चढ़ाने और पूजा करने आने वाले श्रद्धालुओं की लुटिया, थाली और पूजा सामग्री तक सुरक्षित नहीं है। उपद्रवियों ने तालाब की रेलिंग तोड़ दी है और लाखों रुपए से कराए गए सौंदर्यीकरण के काम को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है।स्थानीय लोगों और नियमित दर्शनार्थियों का आरोप है कि दिनभर कुछ असामाजिक तत्व परिसर में बैठकर नशा करते हैं और महिलाओं से छींटाकशी करते हैं। शाम होते ही माहौल और बिगड़ जाता है। उपद्रवी बाउंड्रीवॉल फांदकर अंदर घुस जाते हैं। कुछ लोग तो तालाब में मछली भी मारते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी उन श्रद्धालुओं को होती है जो सुबह जल चढ़ाने आते हैं। कई बार उनकी लुटिया और पूजा की थाली तक चोरी हो चुकी है। विरोध करने पर उपद्रवी गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। नगर निगम ने करोड़ों रुपए खर्च कर तालाब का सौंदर्यीकरण कराया था। नई रेलिंग, लाइटिंग और बेंच लगाई गई थीं। लेकिन देखरेख के अभाव में सब कुछ तबाह हो गया है। नागरिकों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से परिसर में स्थायी पुलिस चौकी बनाने और CCTV कैमरे लगाने की मांग की है। साथ ही नियमित गश्त बढ़ाने की मांग भी की गई है।
