मिनर्वा हॉस्पिटल में जटिल बायपास सर्जरी सफल, डॉ. शिरीष मिश्रा की सूझबूझ से मिला नया जीवन
रीवा। मिनर्वा हॉस्पिटल ने एक बार फिर जटिल कार्डियक सर्जरी में अपनी विशेषज्ञता साबित की है। अस्पताल में भर्ती गंभीर हृदय रोगी कमल कुमार सूरी की जान बचाकर डॉक्टरों ने मेडिकल चमत्कार कर दिखाया है। मरीज की जटिल बायपास सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की गई। दरअसल, मरीज कमल कुमार सूरी को सीने में दर्द की शिकायत के बाद मिनर्वा हॉस्पिटल लाया गया था। वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. शिरीष मिश्रा ने तत्काल उनकी कोरोनरी एंजियोग्राफी कराई। रिपोर्ट में हृदय की तीनों मुख्य धमनियों में 90 प्रतिशत से ज्यादा ब्लॉकेज पाया गया। स्थिति इतनी गंभीर थी कि मरीज को कभी भी बड़ा हार्ट अटैक आ सकता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. मिश्रा ने तुरंत मरीज को अस्पताल में भर्ती रखने का निर्णय लिया और परिजनों को भरोसा दिलाया कि उपचार विशेषज्ञ निगरानी में किया जाएगा। केस की जटिलता को देखते हुए डॉ. मिश्रा के नेतृत्व में मात्र 24 घंटे के भीतर दिल्ली से कार्डियक सर्जरी विशेषज्ञों की टीम रीवा पहुंची। टीम में कार्डियक सर्जन डॉ. प्रीतम पाल तथा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र सिंह शामिल रहे। मिनर्वा हॉस्पिटल के अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में करीब 6 घंटे तक चली जटिल बायपास सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। सर्जरी से पूर्व डॉ. शिरीष मिश्रा ने मरीज एवं परिजनों को एंजियोग्राफी रिपोर्ट की विस्तृत जानकारी दी थी। ब्लॉकेज की स्थिति को वीडियो एवं इमेज के माध्यम से बताया था। इस पारदर्शी संवाद ने परिजनों में विश्वास और संतोष की भावना को मजबूत किया।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मरीज अब पूरी तरह खतरे से बाहर है और तेजी से रिकवर कर रहा है।

