बांदा। नमो कंप्यूटर एजुकेशन सेंटर और हेड हेल्ड हाई संस्था की संयुक्त पहल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन और कौशल प्रशिक्षण युवाओं की जिंदगी बदल सकता है। 45 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण एवं 100 प्रतिशत प्लेसमेंट गारंटी कार्यक्रम पूरा करने वाले युवाओं को शुक्रवार को ड्रेस और प्रमाण पत्र वितरित किए गए।कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित युवाओं को पैंट, शर्ट, शूज, टाई सहित आवश्यक ड्रेस सामग्री और कोर्स पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर संस्था के मैनेजर बीरेन्द्र साहू, डायरेक्टर संतोष राजपूत, ट्रेनर चंद्रभूषण तथा अन्य शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम में अभिभावकों की उपस्थिति ने माहौल को और भावुक बना दिया।सर्टिफिकेट और ड्रेस प्राप्त करते समय युवाओं के चेहरों पर आत्मविश्वास और सफलता की चमक साफ दिखाई दी। अभिभावकों ने कहा कि उनके बच्चे आज सम्मानजनक रोजगार से जुड़े हैं, जिसका श्रेय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को जाता है। उन्होंने संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए एक बड़ी सौगात बताया।संस्था प्रबंधन के अनुसार उनका लक्ष्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। यह पहल न केवल रोजगार उपलब्ध करा रही है, बल्कि युवाओं को बेहतर भविष्य की दिशा भी दे रही है।
