शाहजहांपुर/खुटार। गांव हरनाई में रेप प्रकरण को लेकर चांदपुर पुलिस चौकी पर धरना-प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों पर हुए कथित लाठीचार्ज का मामला अब प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक पहुंच गया है। भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रवीण मिश्रा ‘संटू’ और प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष अधीर शुक्ला ने लखनऊ में प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री Suresh Kumar Khanna से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
भाजपा नेताओं ने मंत्री को बताया कि हरनाई गांव में हुई रेप की घटना को लेकर ग्रामीण चांदपुर पुलिस चौकी पर धरना दे रहे थे। इसी दौरान खुटार पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने से लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर से वार्ता की और निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि न्याय सुनिश्चित करने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय यह बना हुआ है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध प्रशासन क्या कार्रवाई करता है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की निगाहें अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
