गुरसहायगंज (कन्नौज)। जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध असलहों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरसहायगंज पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर कुलवीर सिंह के पर्यवेक्षण में थाना गुरसहायगंज पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान इन्दुईयागंज अंडरपास के निकट मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद होने का दावा किया गया। पूछताछ में उसकी पहचान जुम्मन उर्फ साबिर पुत्र हाकिम अली निवासी इनायतपुर, थाना कोतवाली कन्नौज के रूप में हुई। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना गुरसहायगंज में मुकदमा अपराध संख्या 266/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार अवस्थी, चौकी प्रभारी समधन उपनिरीक्षक दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार और कांस्टेबल विकुल कुमार शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध असलहों की धरपकड़ और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
