शाहजहांपुर। बहादुरगंज पावर हाउस में बिजली बिल जमा करने आने वाले उपभोक्ताओं को बदहाल व्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है। कैश काउंटर के मुख्य द्वार पर फैले कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बिल जमा करने के लिए उन्हें कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। एक उपभोक्ता ने बताया कि वह बिजली बिल जमा करने पहुंचा था और कीचड़ में गिरने से बाल-बाल बच गया। उसने आरोप लगाया कि विभाग की ओर से उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में उपभोक्ता बिल जमा करने आते हैं, जिनमें बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हैं। ऐसे में मुख्य द्वार पर कीचड़ होने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से तत्काल सफाई कराकर कैश काउंटर के प्रवेश मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम तरीके से बिल जमा करने की सुविधा मिल सके। विभाग की इस लापरवाही को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी व्याप्त है।
