महराजगंज, जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र कोठीभार के ग्राम मोजरी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मोजरी निवासी झकरी की पुत्री नंदिनी (24 वर्ष) अपने मायके आई हुई थी। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे वह नंगे पैर स्टैंड फैन का प्लग लगा रही थी। इसी दौरान तार कटा होने के कारण वह बिजली की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना सुबह करीब 8 बजे पीआरवी के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना पर तत्काल थाना कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और घटना प्रथम दृष्टया हादसा प्रतीत हो रही है।
