गोरखपुर पीपीगंज लंबे समय से सूखे की मार झेल रहे किसानों के चेहरों पर आखिरकार खुशी लौट आई है। सोमवार को दोपहर में अच्छी बारिश ने खेतों में जान डाल दी है।बारिश से धान, मक्का समेत अन्य खरीफ फसलों की बुवाई और सिंचाई में काफी सहायता मिलेगी । खेतों में पर्याप्त नमी बढ़ने से फसलों की वृद्धि बेहतर होने की उम्मीद जगी है। साथ ही किसानों को सिंचाई पर होने वाले खर्च में भी उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है।स्थानीय किसानों ने बताया कि समय पर हुई इस वर्षा से फसल उत्पादन बढ़ने की मजबूत संभावना दिख रही है। संतोष साहनी ने बताया, “हम कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे थे। अब खेतों में बारिश होने से बुवाई आसान हो गई है। उम्मीद है कि इस बार अच्छी पैदावार होगी।”बारिश के साथ मौसम भी सुहावना हो गया है, जिससे आम लोगों को भी भीषण गर्मी से राहत मिली है। झमाझम बारिश से तापमान सामान्य हो गया है और शाम के समय ठंडी हवाएं चल रही हैं।मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जो खरीफ सीजन के लिए और भी फायदेमंद साबित हो सकती है।
