गोरखपुर पुलिस ने फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए हैं, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
एसपी सिटी गोरखपुर निमिष पाटिल ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गोरखनाथ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोहित चावला निवासी बिजनौर और रोहित यादव निवासी लखनऊ को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर लोगों को बैंक अधिकारी और बैंक मैनेजर बनकर झांसा देकर ठगी करने का आरोप है।
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि गिरोह का मुख्य आरोपी मोहित चावला गोरखपुर आकर वारदात को अंजाम देता था। इस दौरान उसे स्थानीय स्तर पर भी सहयोग मिलता था। मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने एक व्यक्ति को बैंक में एफडी कराने तथा पुराने नोटों के बदले नए नोट उपलब्ध कराने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की साजिश रची थी। पीड़ित की शिकायत पर गोरखनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और इनके खिलाफ विभिन्न जिलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है तथा फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

