रायगढ़ २१ जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के अंबागुड़ा स्थित बीजू पटनायक इंडोर स्टेडियम में जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में उत्साह एवं उमंग के साथ योग दिवस मनाया गया।इस अवसर पर अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (सामान्य) श्री नवीन नायक, एसडीसी अध्यक्ष श्री विद्याधर सावर, एसडीसी उपाध्यक्ष श्रीमती मंजुला मिनियाका, जिला खेल अधिकारी श्री शेख अलेनूर, प्रभारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री देवराज टाकरी तथा प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्री भजनलाल माझी सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे। उन्होंने योग के महत्व एवं इसके लाभों पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में अनुभवी योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का प्रदर्शन किया। उनके मार्गदर्शन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया। वक्ताओं ने कहा कि योग न केवल शरीर और मन को स्वस्थ रखता है, बल्कि जीवनशैली को भी संतुलित बनाता है।
इस जिला स्तरीय समारोह में भारतीय मजदूर संघ के सदस्य, योग गुरु, विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएँ, खिलाड़ी, समाजसेवी, स्थानीय नागरिक तथा विभिन्न वर्गों के लगभग ५०० लोगों ने भाग लिया। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
चित्तरंजन नायक
रायगढ़ (ओडिशा)
