आमोद कुमार
बांदा। सरस्वती शिशु मंदिर, शास्त्री नगर अतर्रा चुंगी में विश्व हिंदू परिषद की जिला बैठक श्रीराम दरबार में दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पदाधिकारी प्रकाशचंद्र त्रिपाठी ने की। बैठक में आगामी संगठनात्मक एवं सेवा कार्यों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 6 जुलाई से 13 जुलाई तक आयोजित होने वाले सेवा सप्ताह के अंतर्गत बांदा जिले के सभी प्रखंडों एवं नगरों की सेवा बस्तियों में मेडिकल कैंप आयोजित किए जाएंगे, जहां जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही सेवा सप्ताह के दौरान जिले भर में लगभग ढाई से तीन हजार वृक्षारोपण करने तथा उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया गया।बैठक में आगामी अखंड भारत संकल्प दिवस को सभी प्रखंडों में व्यापक स्तर पर मनाने तथा "रन फॉर वंदे मातरम्" कार्यक्रम के तहत जिले के अधिकांश विद्यालयों में सार्वजनिक रूप से वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कराने की योजना पर भी चर्चा की गई।संगठन विस्तार के तहत कई नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई। बजरंग दल से शिवम गोयल को जिला मिलन केंद्र प्रमुख, हर्ष दसवानी को जिला विद्यार्थी प्रमुख, सूरज सोनी को नगर संयोजक बांदा तथा शिवम भूरिया को नगर मिलन केंद्र प्रमुख का दायित्व सौंपा गया। वहीं विश्व हिंदू परिषद से शिवकुमार गुप्ता को नगर सत्संग प्रमुख, खेमराज पटेल को नगर धर्म प्रसार प्रमुख एवं लवकुश को नगर विद्यार्थी प्रमुख बनाया गया।बैठक में प्रांत धर्म यात्रा प्रमुख चंद्रमोहन बेदी, प्रांत मंदिर अर्चक पुरोहित अशोक ओमर, जिला कोषाध्यक्ष रविमोहन, जिला मातृशक्ति प्रमुख राधा गुप्ता, नगर अध्यक्ष विजय बहादुर गुप्ता सहित विहिप एवं बजरंग दल के जिला और प्रखंड स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया गया।
