पूर्व जिलाध्यक्ष ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि, दुर्वासा आश्रम पहुंच अंतिम संस्कार में भी हुए शामिल
कानपुर देहात। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, जिला उपाध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी रहे स्वर्गीय शिशुपाल सिंह यादव के निधन पर समाजवादी परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। उनके आवास पर पहुंचकर समाजवादी पार्टी के प्रांतीय नेता एवं कानपुर देहात के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरसेन यादव ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया इस अवसर पर वीरसेन यादव ने कहा कि स्वर्गीय शिशुपाल सिंह यादव समाजवादी विचारधारा के सच्चे प्रहरी, कर्मठ कार्यकर्ता और जनसेवा के लिए समर्पित नेता थे। उन्होंने अपने चार दशक से अधिक लंबे राजनीतिक और सामाजिक जीवन में समाज के हर वर्ग के बीच सम्मानजनक पहचान बनाई। उनके निधन से न केवल समाजवादी पार्टी बल्कि पूरे जनपद को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि शिशुपाल यादव का संघर्ष, समर्पण और समाजवादी मूल्यों के प्रति निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगा वीरसेन यादव ने कहा कि स्वर्गीय शिशुपाल यादव ने हमेशा संगठन को मजबूत करने और आम लोगों की समस्याओं को उठाने का कार्य किया। उनके जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा दुख है। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी का पूरा परिवार हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहेगा श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष समरथ सिंह पाल, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव शेखू खान, सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बृजमोहन सिंह फौजी, जिला सचिव हर्ष त्रिवेदी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कल्लू यादव, रामनरेश यादव, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष सुजीत सिंह पाल, विक्रम सिंह पमपम, कुलदीप सिंह, बृजेश कुमार गौतम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे श्रद्धांजलि सभा के उपरांत वीरसेन यादव अपने सहयोगियों के साथ दुर्वासा आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय शिशुपाल सिंह यादव की अंत्येष्टि में शामिल होकर अंतिम प्रणाम किया। इस दौरान क्षेत्र के अनेक राजनीतिक, सामाजिक और गणमान्य लोगों ने भी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
