महोली । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कृषक इंटर कॉलेज परिसर में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक शशांक त्रिवेदी एडीएम शिखा शुक्ला ने जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि योग स्वस्थ तन, शांत मन और सशक्त जीवन का आधार है। योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का मार्ग प्रशस्त करती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग आज वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है। उनकी प्रेरणा से भारत की यह महान सांस्कृतिक विरासत विश्वभर के करोड़ों लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य" के संदेश से जोड़ रही है।
योग दिवस कार्यक्रम में कृषक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रफुल्ल कुमार मिश्रा ,तहसीलदार अंकुर यादव, अधिशासी अधिकारी रामकृष्ण वर्मा, वीडियो महोली प्रीति तिवारी, नायब तहसीलदार वसुंधरा त्रिपाठी ,कार्यक्रम संचालक अभिषेक शुक्ला ,यतेंद्र सिंह चौहान ,नीरज बाजपेई, सुनील मिश्रा, पंकज श्रीवास्तव , प्रदीप वर्मा ,निर्मल वर्मा ,नगर पंचायत के कर्मचारी तथा सफाई मित्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर निरोग, ऊर्जावान और संतुलित जीवन जीने का संकल्प लिया।
