अर्जुन रौतेला। संस्कार पब्लिक स्कूल स्पोर्ट्स एरीना में 19 से 21 जून तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय नेशनल रेफरी एवं रिफ्रेशर सेमिनार का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यूनाइटेड ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा यूनाइटेड ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के सहयोग से आयोजित इस सेमिनार में देशभर से आए खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं रेफरी भाग ले रहे हैं।
सेमिनार में लगभग 120 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें मथुरा, दिल्ली, आगरा, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश तथा तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि शामिल हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य ताइक्वांडो खेल में रेफरियों के तकनीकी ज्ञान को उन्नत करना तथा उन्हें नवीनतम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय नियमों की जानकारी प्रदान करना है।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय रेफरी एवं पूमसे-क्योरोगी विशेषज्ञ सरबजीत सिंह विशेष प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित हैं। दक्षिण कोरिया से ब्लैक बेल्ट सिक्स्थ डैन की उपाधि प्राप्त सरबजीत सिंह प्रतिभागियों को ताइक्वांडो के नवीनतम नियमों, निर्णय प्रक्रिया, स्कोरिंग सिस्टम तथा प्रतियोगिताओं में रेफरी की भूमिका से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दे रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार इस प्रकार के सेमिनार खिलाड़ियों और रेफरियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जा रहा है, जिससे वे प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर यूनाइटेड ताइक्वांडो एसोसिएशन के पदाधिकारी शुभम कुमार, नीतू सिंह, राज वर्मा एवं भुवनेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल एवं रेफरिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
आयोजकों का कहना है कि यह सेमिनार मथुरा में ताइक्वांडो खेल को नई दिशा देने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों और रेफरियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा।
