गोरखपुर अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गीडा इंडस्ट्रियल एरिया के सेक्टर-23 में योग और संकल्प का अनुपम संगम देखने को मिला। यहां आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में सहजनवां के भाजपा विधायक प्रदीप शुक्ला ने उद्योग जगत और स्थानीय नागरिकों के साथ आसन-प्राणायाम कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।सुबह से ही सेक्टर-23 का परिसर योगमय हो गया था। विधायक प्रदीप शुक्ला ने सभी प्रतिभागियों के साथ सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन और अनुलोम-विलोम का अभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि तन-मन और आत्मा को जोड़ने की भारतीय परंपरा है। व्यस्त औद्योगिक जीवन में यदि प्रतिदिन 15-20 मिनट योग को दिया जाए तो कार्यक्षमता और मानसिक शांति दोनों बढ़ती है।कार्यक्रम में गीडा के उद्यमियों, श्रमिकों और स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को आसनों के वैज्ञानिक लाभ समझाए और नियमित योग को जीवनशैली बनाने पर बल दिया।
विधायक शुक्ला ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग भारत की पहचान बनकर विश्व पटल पर छाया हुआ है। गीडा जैसे औद्योगिक क्षेत्र में योग का यह आयोजन यह संदेश देता है कि विकास के साथ स्वास्थ्य का संतुलन भी उतना ही जरूरी है।कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत के संकल्प के साथ समापन किया। गीडा प्रशासन और आयोजकों ने विधायक प्रदीप शुक्ला के प्रति आभार जताया।
