गोरखपुर पीपीगंज नगर पंचायत क्षेत्र में मुहर्रम के अवसर पर शांति, अनुशासन और धार्मिक अकीदत के साथ भव्य जुलूस-ए-अज़ादारी निकाले गए। व्यापक तैयारियों के बीच निकाले गए इन जुलूसों में कहीं भी कोई अप्रिय घटना दर्ज नहीं की गई।पीपीगंज थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने ताजिया स्थलों का निरीक्षण किया और जुलूस मार्गों पर अपने हमराहियों के साथ मुस्तैद रहकर निगरानी की। हैदरी अखाड़ा पीपीगंज और पुरानी बाजार क्षेत्र से निकाले गए जुलूसों में मातमियों की टोलियां, अलम, ताजिया और झंडे लेकर श्रद्धालु सड़कों पर उतरे। जगह-जगह नोहे और मरसिये पढ़े गए, जिन्हें सुनकर मातम का माहौल छा गया।स्थानीय नागरिकों ने जुलूस का भव्य स्वागत किया।पुलिस प्रशासन की सक्रिय भूमिका के कारण पूरा कार्यक्रम सुव्यवस्थित रूप से कर्बला झझवा में संपन्न हुआ। पीपीगंज पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती के साथ यातायात प्रबंधन को भी अलर्ट मोड पर रखा गया। इस दौरान पीपीगंज सहित पूरे क्षेत्र में हिंदू-मुस्लिम समुदाय के बीच धार्मिक सहिष्णुता और आपसी सद्भाव का सुंदर माहौल देखने को मिला।पीपीगंज पुलिस ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी की सहयोगात्मक भूमिका के कारण मुहर्रम शांति के साथ मनाया गया।
