अर्जुन रौतेला आगरा। महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए महिला जन कल्याण सोसाइटी द्वारा श्रीमती जीडी गर्ल्स इंटर कॉलेज, गढ़ी जीवनराम में एक माह के ग्रीष्मकालीन रोजगारपरक प्रशिक्षण शिविर का समापन एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली बालिकाओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
सोसाइटी की प्रबंधक भावना शर्मा एवं श्रीमती जी डी इंटर कॉलेज प्रबंधक राजकुमार शर्मा ने प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि महिला जन कल्याण सोसाइटी का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें रोजगारपरक कौशल से जोड़कर सशक्त समाज का निर्माण करना है। उन्होंने सभी बालिकाओं से प्राप्त प्रशिक्षण का सदुपयोग कर आत्मनिर्भर बनने और अन्य बालिकाओं को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।
एक माह तक चले ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में बालिकाओं को विभिन्न प्रकार के रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान किए गए, जिससे वे भविष्य में स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें व्यावहारिक एवं कौशल आधारित गतिविधियों का भी अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने सोसाइटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और रोजगार के नए अवसरों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सर्वेश बघेल, सुजाता, कुसमा देवी, वी पी सिंह, अभिषेक शर्मा आदि का सहयोग सराहनीय रहा।
