ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए एक अच्छी खबर आई है। भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग अवधि को 45 दिनों से घटाकर 25 दिन कर दिया है। केंद्रीय राज्यमंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को ये जानकारी दी। बताते चलें कि सरकार ने पश्चिम एशिया में शुरू हुए युद्ध के कारण गैस सप्लाई में आई भारी समस्या के बाद इस साल मार्च में ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग की अवधि को बढ़ाकर 45 दिन कर दिया था।

सुरेश गोपी ने बताया कि सरकार ने पेट्रोलियम विपणन कंपनियों को ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग का अंतराल तत्काल प्रभाव से 25 दिन करने को कहा है। यानी, अब ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को एलपीजी सिलेंडर बुक करने के लिए 45 दिनों का इंतजार नहीं करना होगा और वे सिर्फ 25 दिनों में ही नया सिलेंडर बुक कर सकेंगे।

राज्यमंत्री सुरेश गोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर किए गए एक पोस्ट में कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष की वजह से एलपीजी सप्लाई पर बने दबाव के बीच गैस सिलेंडर की बुकिंग की अवधि शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन कर दिया गया था

सुरेश गोपी ने कहा, \हालांकि, अब एलपीजी सप्लाई की स्थिति में सुधार और सिलेंडर के पेंडिंग मामलों में बड़ी गिरावट को देखते हुए सरकार ने इस पाबंदी में ढील दी है। अब शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ता 25 दिन के अंतराल पर सिलेंडर की दोबारा बुकिंग करा सकेंगे।\
केंद्रीय मंत्री ने अपनी पोस्ट के साथ पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से पेट्रोलियम मार्केटिंग कंपनियों को भेजी गई चिट्ठी की कॉपी भी शेयर की है। इस चिट्ठी में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए गैस बुकिंग की अवधि 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने को कहा गया है। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन का गैस बुकिंग अंतराल पश्चिम एशिया संघर्ष के समय से ही लागू है और इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।

