बिग बॉस 19 की कंटेस्टेंट तान्या मित्तल विवादों में, पोटाश गन वाले वीडियो पर जांच शुरू
रियलिटी शो ‘बिग बॉस सीजन 19’ की चर्चित कंटेस्टेंट तान्या मित्तल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार कारण शो नहीं बल्कि एक वायरल वीडियो है, जिसमें तान्या को कथित तौर पर पोटाश गन का इस्तेमाल करते हुए देखा जा रहा है।
ग्वालियर के एक निवासी ने इस वीडियो की शिकायत एएसपी अनु बेनीवाल से की और तान्या के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शिकायत के बाद ग्वालियर जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ग्वालियर प्रशासन ने दिवाली के दौरान हुई आंखों की गंभीर चोटों के बाद पोटाश गन के निर्माण, बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया था।
आज तक की रिपोर्ट के अनुसार, एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि साइबर टीम को वीडियो की जांच के निर्देश दिए गए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वीडियो कब और कहां का है।
वहीं, कुछ रिपोर्टों का कहना है कि तान्या मित्तल का यह वीडियो करीब दो साल पुराना है, जबकि पोटाश गन पर हाल ही में बैन लगाया गया है।
अब तक तान्या मित्तल या उनकी टीम की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
