ब्यूरो चीफ सुजीत कुमार कानपुर नगर
जय नारायण विद्या मन्दिर इण्टर कालेज, कानपुर में डॉ. ईश्वरचन्द्र स्पोर्ट्स जोन का भव्य उद्घाटन सम्पन्न
कानपुर जय नारायण विद्या मन्दिर इण्टर कालेज परिसर में नव निर्मित डॉ. ईश्वरचन्द्र स्पोर्ट्स जोन का भव्य उद्घाटन समारोह अत्यंत उत्साह एवं गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. शिवकुमार जी (राष्ट्रीय संगठन मंत्री, विज्ञान भारती भारत) ने फीता काटकर एवं शिलापट का अनावरण करके स्पोर्ट्स जोन का शुभारम्भ किया।
मुख्य अतिथि महोदय ने डॉ. ईश्वरचन्द्र गुप्त के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की तथा औपचारिक रूप से स्पोर्ट्स जोन को विद्यार्थियों हेतु समर्पित किया। इस नवनिर्मित स्पोर्ट्स जोन में चेस, कैरम, योग, जिम्नास्टिक सहित विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास कराया जाएगा। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने चेस और कैरम खेलकर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
कार्यक्रम में मा० जगदीश कुमार सिंह (क्षेत्रीय शारीरिक प्रमुख, पूर्वी उत्तर प्रदेश) तथा अंकित राय जी (क्षेत्रीय संगठन मंत्री, विज्ञान भारती, पूर्वी उत्तर प्रदेश) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में जगदीश जी ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ना चाहिए, क्योंकि खेल से शरीर, मन और बुद्धि का संतुलित विकास होता है।
मुख्य अतिथि डॉ. शिवकुमार जी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में डॉ. ईश्वरचन्द्र गुप्त के साथ संघ और विद्या भारती में किए गए कार्यों का स्मरण करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को योग एवं आत्म-चिन्तन की ओर प्रेरित करना अत्यंत आवश्यक है। योग के माध्यम से विद्यार्थी अध्यात्म, अनुशासन और मानसिक सुदृढ़ता की ओर अग्रसर होते हैं।
इस अवसर पर मा० प्रेम बाबू गुप्त, विद्यालय के प्रबन्धक प्रो. सुनील मिश्र, प्रधानाचार्य श्री अनिल कुमार त्रिपाठी, उप-प्रधानाचार्या डॉ. नमिता गुप्ता, कार्यक्रम प्रभारी श्री आशुतोष सत्यम झा, श्री मनोज त्रिपाठी सहित सभी आचार्यगण, बहनें एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

