गोरखपुर। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गोरखपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चनप्पा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने नगर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए मौके की स्थिति देखी और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी का जायजा लिया। इस दौरान क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों तथा वाहनों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आम नागरिकों से बेहतर संवाद स्थापित किया जाए और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीआईजी एस. चनप्पा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि शहर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। त्योहारों और अन्य आयोजनों को देखते हुए पुलिस की सक्रियता लगातार बढ़ाई जा रही है। पैदल गश्त का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और असामाजिक तत्वों में कानून का भय बनाए रखना है।
गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुलिस बल को क्षेत्र में लगातार प्रभावी गश्त करने तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

