सीतापुर, 26 अगस्त 2026। जनपद सीतापुर के खैराबाद स्थित भूमिजा हॉल में बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में महिलाओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना। इस अवसर पर लगभग 800 महिलाओं को साड़ियों एवं मिष्ठान का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रातः 10:30 बजे से किया गया। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मातृशक्ति के सम्मान, वरिष्ठ महिलाओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा इस योजना का शुभारंभ किया गया।
योजना के अंतर्गत 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस योजना से प्रदेश की एक करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिलने की संभावना है। इससे वरिष्ठ महिलाओं को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही सामाजिक, पारिवारिक, धार्मिक एवं अन्य आवश्यक यात्राएं सुगमता से करने में सहायता मिलेगी।
इसके अतिरिक्त रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर 27 अगस्त 2026 की प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त 2026 की मध्य रात्रि 12 बजे तक यात्रा प्रारंभ करने वाली सभी महिलाओं को एक सहयात्री के साथ उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल से बहनों को रक्षाबंधन के अवसर पर मायके एवं परिजनों तक पहुंचने में विशेष सहूलियत मिलेगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री सुरेश राही ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, सुविधा एवं आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना वरिष्ठ महिलाओं के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी और उन्हें आजीवन निःशुल्क एवं सुरक्षित यात्रा की सुविधा प्रदान करेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों से प्रेरित यह योजना मातृशक्ति के सम्मान एवं सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और योजना के लाभों की जानकारी प्राप्त की। संबंधित अधिकारियों द्वारा पात्र महिलाओं को योजना का लाभ लेने के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं जागरूकता प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर., मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, जिला विकास अधिकारी सहित जिला प्रशासन एवं परिवहन निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सीतापुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश कुमार के निर्देशन में प्रधान लिपिक नितिन श्रीवास्तव, शशिबिन्द, अभिषेक सहाय, योगेश मोहन, डिपो प्रभारी आदित्य सिंह राघव, रामचन्द्र, अशोक कुमार तथा तकनीकी शाखा के ए.आर. आसिम, हरीलाल एवं अन्य कार्मिकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग किया।

