अतर्रा (बांदा) के ब्रह्म विज्ञान इंटर कॉलेज में बच्चों के नेत्रों की जांच, जरूरतमंदों को मिले चश्मे
बांदा। अतर्रा स्थित ब्रह्म विज्ञान इंटर कॉलेज में आज विद्यार्थियों के नेत्रों का निःशुल्क परीक्षण किया गया। यह जांच सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट नेत्र जाँच केन्द्र, चित्रकूट की टीम द्वारा की गई।
प्रधानाचार्य शिवदत्त त्रिपाठी ने बताया कि नेत्र परीक्षण के लिए आए विशेषज्ञ हिमांशु गर्ग एवं हरिओम शुक्ला ने छात्रों के नेत्रों की विस्तृत जांच की तथा जिन बच्चों को आवश्यकता थी, उन्हें मौके पर ही चश्मे वितरित किए गए।
विद्यालय के शिक्षक सुशील कुमार, बीरेंद्र दीक्षित और चेतराम ने भी परीक्षण कराया। टीम ने उपस्थित लोगों को आंखों की बीमारियों, देखभाल और उपचार संबंधी जानकारी भी प्रदान की।
प्रधानाचार्य शिवदत्त त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को आंखों की सुरक्षा के लिए उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि प्रातःकाल उठकर ठंडे पानी के छींटे आंखों में डालें तथा अपने भोजन में धनिया पत्ती, गाजर, दूध आदि शामिल करें। साथ ही धूप और धूल से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “आंखें ईश्वर का अनमोल वरदान हैं, इन्हें सुरक्षित रखें। अधिकांश ज्ञान हमें देखने के माध्यम से ही प्राप्त होता है।”
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य एवं विद्यालय के शिक्षकों ने निःशुल्क जांच करने आई टीम का आभार व्यक्त किया।

