सीतापुर/सिधौली, 6 दिसंबर।
152 विधानसभा क्षेत्र सिधौली में आज डॉ. भीमराव आंबेडकर परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. आंबेडकर संवैधानिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ और किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
दोनों वक्ताओं ने उपस्थित जनसमूह को डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन, कार्यों, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान के विषय में विस्तार से जानकारी दी।
वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब का जीवन त्याग, संघर्ष, समर्पण, सद्भावना, एकता और मानवता का प्रतीक है, और उनका सामाजिक दर्शन 5000 वर्षों से चली आ रही असमानताओं को चुनौती देने वाला एक क्रांतिकारी कदम था।
उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. आंबेडकर का ज्ञान, विज्ञान और तर्क आधारित विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संविधान निर्माता डॉ. आंबेडकर के आदर्शों को अपनाने, सामाजिक समरसता को बढ़ाने तथा संविधान मूल्यों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों की रक्षा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

