तेज रफ्तार बनी काल: हाईवे पर कार डीसीएम में घुसी, श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय के चार छात्रों की मौत
बुधवार देर रात रजबपुर थाना क्षेत्र के हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय के चार छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रात करीब 10:15 बजे डीवीआर रेस्टोरेंट के सामने दिल्ली–मुरादाबाद मार्ग पर हुआ।
बताया जा रहा है कि दिल्ली की ओर से आ रही एक डीसीएम जब अतरासी गांव स्थित फ्लाईओवर से करीब 10 मीटर पहले पहुँची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार अनियंत्रित होकर सीधे डीसीएम में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
तेज धमाका सुनकर हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रुक गई और आसपास के ग्रामीण तथा राहगीर बड़ी संख्या में घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। मृत छात्रों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
