सीतापुर: पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, बांके से वार कर पति की हत्या — दो गिरफ्तार
सीतापुर के कमलापुर थाना क्षेत्र में बरईखेड़ा तिराहे के पास बुधवार (26 नवंबर 2025) को युवक मनीष बाजपेयी की हत्या के मामले का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार मनीष की हत्या उसकी पत्नी काजल ने अपने प्रेमी अजीत और एक अन्य साथी के साथ मिलकर कराई थी। पुलिस ने काजल और अजीत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
लखीमपुर निवासी मनीष की ससुराल कमलापुर के गांव निजामाबाद में थी। मनीष की पहली पत्नी का निधन हो चुका था, जिसके बाद ससुरालवालों ने उसकी शादी उसकी साली काजल से करा दी। लेकिन काजल पहले से ही लखीमपुर के गांव मूड़ाधामू टिकरा निवासी अजीत से प्रेम संबंध में थी। इसी विवाद को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर तनाव रहता था।
जांच में सामने आया कि काजल और अजीत काफी समय से मनीष को रास्ते से हटाने की योजना बना रहे थे। बुधवार को मौका मिलने पर आरोपियों ने मनीष पर बांके से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध कबूल कर लिया।
पुलिस का कहना है कि फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
