कांग्रेस प्रदेश सचिव अतुल सिंह का जनसंपर्क अभियान तेज, ग्रामीण समस्याओं पर दिया ध्यान
रिपोर्ट – मो० उवैश मंसूरी
ऊँचाहार। विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी और ग्रामीण समस्याओं को लेकर कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अतुल सिंह ने सोमवार को कई गांवों में चौपाल कर जनसंपर्क किया। उन्होंने ललुवा पुरवा, उमरी और पहलवान वीर बाबा का पुरवा में ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
अतुल सिंह ने आगामी गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के दौरान हर नागरिक से मतदाता सूची में अपना नाम अनिवार्य रूप से दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि नाम कटने की शिकायतें अक्सर सामने आती हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहकर फॉर्म भरना चाहिए। उनके अनुसार, सही मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है।
ग्रामीणों ने चौपाल में आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान, बिजली सप्लाई में बाधा, सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की कमी जैसी समस्याएं रखीं। अतुल सिंह ने कहा कि ऊँचाहार आज भी कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित है और वास्तविक विकास तभी संभव है जब जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रही है। इसी क्रम में उन्होंने 14 दिसंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली का उल्लेख करते हुए अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता उनसे सीधे संपर्क कर सकती है और वे हर जनसमस्या में सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे।
चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक में जिला सचिव शैलेंद्र सिंह, रामदत्त पांडे, अशोक सिंह, अभय सिंह, राहुल यादव, आशीष नंद, कप्तान सिंह, गोलू अग्रहरि, सतीश परिहार, रवि सिंह, रंजीत कुमार, आशु सिंह सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

