लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर से शुरू होगा। मंगलवार को कैबिनेट ने बाई सर्कुलेशन के जरिए सत्र की तिथि पर मुहर लगा दी। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी सत्र चार दिन का होने की संभावना है, जो 24 दिसंबर तक चलेगा। पहला दिन दिवंगत सदस्यों के प्रति शोक प्रकट करने में ही स्थगित हो जाएगा। मऊ की घोसी विधानसभा सीट के सपा विधायक सुधाकर सिंह का निधन 20 नवंबर को हुआ था।
सरकार अगले वर्ष होने वाले पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए 22 दिसंबर को अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में विकास का संदेश देने के उद्देश्य से बजट में कई घोषणाएं शामिल कर सकती है।
अगस्त में संपन्न मानसून सत्र के बाद से अब तक प्रदेश सरकार आठ अध्यादेश जारी कर चुकी है। इनमें उत्तर प्रदेश पेंशन की हकदारी एवं विधिमान्यकरण, निजी विश्वविद्यालय (तृतीय, चतुर्थ व पंचम संशोधन), नगर निगम संशोधन, सुगम्य व्यापार (प्रविधानों का संशोधन), शिक्षा सेवा चयन आयोग संशोधन तथा दुकान एवं वाणिज्य अधिष्ठान संशोधन से जुड़े अध्यादेश शामिल हैं। सरकार इन सभी अध्यादेशों से संबंधित विधेयक शीतकालीन सत्र में पेश करेगी। इसके अतिरिक्त तीन से चार नए विधेयक व संकल्प भी लाए जाने की तैयारी है।
सत्र के दौरान 20 व 21 दिसंबर को शनिवार-रविवार का अवकाश रहेगा। 22 दिसंबर को अनुपूरक बजट और विभिन्न विधेयक सदन में रखे जाएंगे। वहीं, सरकार संभल में नवंबर 2024 में हुई हिंसा की न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रख सकती है।

