जौनपुर: रामपुर–मीरगंज–गोधना मार्ग के चौड़ीकरण की मांग को लेकर अन्ना का धरना प्रदर्शन
जौनपुर जिले में रामपुर थाना क्षेत्र से मीरगंज थाना अंतर्गत गोधना जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण की मांग को लेकर एक बार फिर आंदोलन शुरू हो गया है। यह मार्ग जौनपुर–भदोही और मछलीशहर–भदोही राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जो वर्तमान में पूरी तरह जर्जर अवस्था में है और आवागमन के योग्य नहीं बचा है।
सड़क की बदहाली और चौड़ीकरण की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। इस संबंध में 16 दिसंबर को जौनपुर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया था, जो केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को संबोधित था।
क्षेत्रवासियों की मांग है कि रामपुर–निगोह–कटवार–जरौना–गोधना मार्ग का पूर्ण रूप से चौड़ीकरण किया जाए। बताया गया कि इस सड़क की फाइल लगभग पांच वर्ष पूर्व लोक निर्माण विभाग, जौनपुर द्वारा 27 करोड़ रुपये की लागत के साथ केंद्र सरकार को भेजी गई थी। बाद में फरवरी 2025 में संशोधित प्रस्ताव 31 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत के साथ पुनः केंद्र सरकार को भेजा गया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह मार्ग बनारस से रामपुर होते हुए बादशाहपुर, प्रतापगढ़ और रायबरेली तक जाने का एक महत्वपूर्ण शॉर्टकट मार्ग होगा, जिससे यातायात में काफी सुविधा मिलेगी। हालांकि जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार यह दावा किया गया कि सड़क स्वीकृत हो चुकी है, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कार्य अधूरा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी की वर्तमान योजना केवल रामपुर से निगोह तक 12 किलोमीटर सड़क निर्माण और निगोह से कटवार तक मात्र 4 किलोमीटर गिट्टी छिड़काव तक सीमित है, जबकि शेष मार्ग को यथावत छोड़ने की तैयारी है।
धरना दे रहे क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट रूप से मांग की है कि रामपुर से निगोह तक ही नहीं, बल्कि पूरे मार्ग का चौड़ीकरण किया जाए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से अपील की है कि इस सड़क परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर क्षेत्र को विकास की नई सौगात दी जाए।

