अन्य राज्यों से धान मंगाने पर लगायी गई रोक
कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में 16 दिसम्बर को जिला उपार्जन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की विस्तार से समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए।
बैठक में तय किया गया कि आगामी आदेश तक जिले में अन्य राज्यों से व्यापारियों एवं मिलर्स द्वारा धान नही मंगायी जाएगी। यदि व्यापारी एवं मिलर्स द्वारा अन्य राज्यों से धान मंगाई जाती है तो नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारी को धान के उपयोग के संबंध में जानकारी देना होगा तभी वे अन्य राज्यों से धान मंगा सकते है। बगैर जानकारी दिये धान मंगाये जाने पर संबंधित व्यापारी एवं मिलर्स के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी और धान को उपार्जन समाप्ति तक सील कर दिया जाएगा। जिन व्यापारी एवं मिलर्स द्वारा आज तक अन्य राज्यों से धान मंगाई गई है उसकी सघन जांच करने एवं दस्तावेजों का परीक्षण करने के निर्देश दिये गए। मंडी के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी चेक पोस्ट पर कड़ी निगरानी रखे और चेक पोस्ट पर आने वाली धान की जानकारी व्यापारियों के नाम सहित जिला कंट्रोल रूम को प्रस्तुत करें। किसानों को शीघ्रता से भुगतान सुनिश्चित करने के लिए नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक को कुल परिवहन की गई मात्रा के विरूद्ध शत प्रतिशत स्वीकृति पत्रक जारी करने के निर्देश दिये गए। लालबर्रा विकासखंड में गोदाम स्तरीय केंद्रो से धान का परिवहन कम पाए जाने पर उसे बढ़ाने के निर्देश दिये गए।
