सीतापुर में मंगलवार सुबह महमूदाबाद के सिधौली रोड स्थित एक तालाब में एक कार डूब गई। हादसे के दौरान कार चालक समय रहते गाड़ी से कूद गया, जिससे उसे कोई चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, कार मालिक रमाकांत पुत्र श्यामलाल कुमारन पुरवा, थाना रेउसा के निवासी हैं। वह अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए महमूदाबाद आए थे। इसी दौरान उनकी कार में कुछ तकनीकी खराबी आ गई।
कार मालिक ने खराबी ठीक कराने के लिए गाड़ी को सिधौली रोड के पास तालाब किनारे खड़ा किया था। मरम्मत के बाद जैसे ही चालक ने गाड़ी स्टार्ट की, गलती से उसका पैर एक्सीलेटर पर चला गया।
एक्सीलेटर दबने से कार झटके के साथ सीधे तालाब में जा गिरी। जिस स्थान पर तालाब में बुलबुले उठते दिखाई दे रहे हैं, उसी जगह कार के डूबे होने की बात कही जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। फिलहाल कार को तालाब से बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
