कानपुर बंगाली सोशल सोसायटी (रजिस्टर्ड), कानपुर थैलासेमिक्स के संयुक्त तत्वावधान में श्री सनातन धर्म प्राइमरी स्कूल, कौशलपुरी गुमटी में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों की सहायता करना रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने किया।
उद्घाटन अवसर पर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन आलोक सिंह, श्रवण कुमार सिंह (डीपी सेंटर जोन कानपुर कमिश्नरेट), डॉ. अनुराग मेहरोत्रा व डॉ. शालिनी मोहन सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। उद्घाटन के पश्चात संस्था के अध्यक्ष राजा गुहा एवं सचिव अमित दास ने मुख्य अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अतिथियों ने थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी पर प्रकाश डालते हुए रक्तदान के महत्व की जानकारी दी और आमजन को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कुल 111 यूनिट रक्तदान किया गया। सुबह 10 बजे से प्रारंभ हुआ शिविर शाम 5:30 बजे तक चला। रक्तदान में कानपुर की विभिन्न बंगाली समाज संस्थाओं, अलग-अलग दुर्गा पूजा समितियों, नेपाली समाज, गोरखा समाज, श्री सनातन धर्म स्कूल प्रबंधन, श्री सनातन धर्म मंदिर सभा, गुमटी व्यापार मंडल सहित कई सामाजिक संगठनों के पुरुष एवं महिला रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
संस्था के सह-सचिव एवं मीडिया प्रभारी तुषार गांगुली ने बताया कि इस प्रकार के पुनीत कार्य हर वर्ष कानपुर फैला से मिक्स के साथ मिलकर किए जाएंगे तथा समय-समय पर गरीब व असहाय लोगों की हरसंभव सहायता संस्था द्वारा जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि बंगाली समाज के साथ नेपाली व गोरखा समाज कंधे से कंधा मिलाकर ऐसे सामाजिक आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वरुणेश भट्टाचार्य, उत्पल दास, शुभंकर गोस्वामी, सुशांत चक्रवर्ती, कौशिक चक्रबर्ती, सुशांत विश्वास, कृष्ण सिंह छेत्री, सरिता छतरियां, प्रदीप थापा, संजय सरकार, सुनील टंडन, सुदीप मुखर्जी, कुमार गौरव मिश्रा, अमृता चक्रवर्ती, मौसमी भट्टाचार्य, राज गुप्ता, गौतम सूत्रधार, उत्तम मजूमदार, बप्पा चक्रवर्ती, मनोज चौरसिया, मनीष सक्सेना सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
