301वीं जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, महिलाओं ने भी निभाई सक्रिय भूमिका
अर्जुन रौतेला आगरा। मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर यूथ सेना, धनौली, आगरा के तत्वावधान में सोमवार को महारानी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती के उपलक्ष्य में बघेल मंदिर, धनौली से एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में लगभग एक हजार श्रद्धालुओं एवं समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मातेश्वरी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
शोभायात्रा पूरे मार्ग में भक्ति, उत्साह और सामाजिक एकता का प्रतीक बनी रही। कार्यक्रम में पुरुषों के साथ-साथ मातृ शक्ति की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। महिलाओं एवं युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
इस अवसर पर केंद्रीय कमेटी, ताजगंज, खेरिया मोड़, एत्मादपुर, खंदारी, बोदला, सिकंदरा, रामबाग, अछनेरा, खाल खलुआ, बरारा, इटौरा, जखोदा तथा जगनेर कमेटी के सम्मानित सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
शोभायात्रा का समापन जगनेर रोड स्थित राशि रिसॉर्ट में किया गया, जहां उपस्थित समाजजनों ने मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर के जीवन, आदर्शों एवं समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में धनौली समिति के डॉ. बृजेश बघेल, एडवोकेट तेज सिंह बघेल, एडवोकेट मनोज बघेल (अध्यक्ष), लाखन बघेल, बाबूलाल बघेल, हेमंत बघेल, मनोज मोनू, प्रेम बघेल, उमेश बघेल, पवन बघेल, अमरेश बघेल एवं मंगल बघेल सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
आयोजकों ने बताया कि मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर के आदर्श समाज को सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की प्रेरणा देते हैं तथा उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

