सोनवीर सिंह बघेल
एत्मादपुर/आगरा।
लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती के भव्य आयोजन के सफलतापूर्वक संपन्न होने के उपरांत आयोजन समिति द्वारा पत्रकारों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर आगरा होटल के संचालक एवं जयंती समारोह के अध्यक्ष आकाश बघेल तथा जिला पंचायत सदस्य ब्रजमोहन धनगर ने पत्रकार बंधुओं का स्वागत कर उनके योगदान की सराहना की।
सम्मान समारोह के दौरान कान्हा बघेल (अहिल्या न्यूज नेटवर्क), सोनवीर सिंह बघेल एवं अर्जुन रौतेला को लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में पत्रकारों का योगदान सदैव सराहनीय रहा है।
आकाश बघेल ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर जयंती समारोह को सफल बनाने में समाज के सभी वर्गों के साथ-साथ मीडिया का भी विशेष सहयोग रहा। उन्होंने पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निष्पक्ष और सकारात्मक पत्रकारिता समाज को नई दिशा देने का कार्य करती है।
जिला पंचायत सदस्य ब्रजमोहन धनगर ने भी पत्रकारों का अभिनंदन करते हुए कहा कि समाज के महापुरुषों के विचारों और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर निमेष बघेल, गोपाल धनगर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल आत्मीयता और सम्मान से परिपूर्ण रहा तथा सभी ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
