42.50 करोड़ की लागत से बना परिसर
1000 लोगों को मिलेगा रोजगार
गोरखपुर, 1 जून 26 पूर्वांचल की औद्योगिक राजधानी गोरखपुर को 3 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक और बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण GIDA के सेक्टर-13 में 42 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक प्लेटेड फैक्ट्री परिसर का लोकार्पण सीएम योगी के कर-कमलों से होगा।
यह परिसर प्रदेश में कानपुर के बाद अपनी तरह का दूसरा प्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स है। प्लग एंड प्ले मॉडल पर आधारित इस परिसर में रेडीमेड गारमेंट, आईटी और फार्मा सेक्टर जैसी प्रदूषण रहित इकाइयों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं पहले से मौजूद रहेंगी। उद्यमी आवंटन के बाद सीधे मशीन लगाकर उत्पादन शुरू कर सकेंगे। GIDA की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक ने बताया कि सीएम योगी के विजन के अनुरूप (2.68) एकड़ यानी 10,860 वर्ग मीटर क्षेत्र में बना यह परिसर MSME को बढ़ावा देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
परिसर में इंडस्ट्रियल ब्लॉक (G+3) में 80 इकाइयों के लिए प्रति यूनिट 97.51 वर्ग मीटर जगह आरक्षित है। वहीं यूटिलिटी ब्लॉक (G+1) में बैंक, गोदाम, सेल्स शोरूम आदि के लिए 42 इकाइयां प्रति यूनिट 20.89 वर्ग मीटर में बनाई गई हैं। यहां लगभग 80 उद्यमियों को जगह आवंटित की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गीडा औद्योगिक क्षेत्र में निर्मित लिंग ईडब्ल्यूएस आवासीय परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। साथ ही करीब 208 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास कार्यों की सौगात भी क्षेत्र को देंगे।
अधिकारियों के अनुसार इस प्लैटेड फैक्ट्री से प्रत्यक्ष रूप से लगभग 1000 लोगों को रोजगार मिलेगा। MSME और सहायक उद्योगों को बढ़ावा मिलने से पूर्वांचल में उद्यमिता विकास और औद्योगिक विस्तार को नई गति मिलेगी। लघु एवं मध्यम उद्यमियों के लिए यह परिसर एक वरदान साबित होगा।
