पाली ब्लॉक के अंतर्गत हिंदू सम्मेलन के निमित्त रविवार को भव्य बाइक रैली निकाली गई। यह बाइक रैली राम जानकी मंदिर रामडिहतोरनी से प्रारंभ होकर टिकरिया, मुजौली , माट , चढ़राव, जालेपार, शहरी क्षेत्र होते हुए पुनः रामडीहतोरनी पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में सैकड़ों की संख्या में बाइक सवार शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और जोश का माहौल रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कालिका प्रसाद यादव ने की। रैली में मुख्य रूप से ब्लॉक प्रमुख ई शशी प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान राम सिंह, ग्राम प्रधान अष्टभुजा सिंह, विजय प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ई शशी प्रताप सिंह ने कहा कि हिंदू सम्मेलन जो की 30 तारीख को राम जानकी मदिर के प्रांगण में होगा उसके अवसर पर निकाली गई यह बाइक रैली समाज में एकता, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का माध्यम है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सामाजिक समरसता को बल मिलता है। उन्होंने सभी से सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया।
बाइक रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हिंदू एकता और सामाजिक समरसता के समर्थन में नारे लगाए। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें युवाओं के साथ-साथ बुजुर्गों की भी सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
