कन्नौज। आगामी नव वर्ष के आगमन को देखते हुए जनपद में शांति व्यवस्था एवं सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत दोपहिया व चारपहिया वाहनों की सघन जांच की जा रही है।वाहन चेकिंग के दौरान काली फिल्म लगे वाहनों, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट व बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही ड्रिंक एंड ड्राइव की रोकथाम के लिए ब्रीथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने पर चालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर स्टंट करने, तेज रफ्तार या शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित व शांतिपूर्ण तरीके से नव वर्ष का स्वागत करें।
