रिपोर्टर: हंसराज वर्मा | सीतापुर
सीतापुर में अवैध बालू से भरा ट्रैक्टर पलटा, चालक की मौत
पुलिस पर मिलीभगत का आरोप, बालू की जगह डलवाई गई मिट्टी
सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन का एक गंभीर मामला सामने आया है। बांसुरा पेट्रोल पंप के पास देर रात अवैध बालू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार में जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक असंतुलित होकर पलट गई। ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक गंगाराम पुत्र किसन, निवासी धोंधी, की दर्दनाक मौत हो गई। आसपास के ग्रामीण जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक चालक की जान जा चुकी थी।
घटना के बाद पुलिस की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस और अवैध खनन कराने वाले लोगों ने कार्रवाई करने के बजाय ट्रैक्टर-ट्रॉली को जल्दबाजी में मौके से हटवा दिया। इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के उद्देश्य से घटनास्थल पर पड़ी बालू के ऊपर मिट्टी डलवा दी गई, ताकि अवैध खनन का मामला दबाया जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्र में प्रीतम सिंह नामक व्यक्ति लंबे समय से अवैध बालू खनन का काम करवा रहा है। मृतक गंगाराम उसी के लिए ट्रैक्टर चला रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि यह अवैध कारोबार पुलिस की कथित मिलीभगत से वर्षों से चल रहा है, लेकिन हादसे और मौत के बावजूद जिम्मेदारों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं होती।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। गंगाराम परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, जिस तरह से घटनास्थल से साक्ष्य हटाए जाने के आरोप लगे हैं, उसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

