दीप सिंह/अब तक न्याय
मिशन शक्ति के तहत कन्नौज पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
कन्नौज।जनपद कन्नौज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज–5.0 के अंतर्गत जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान एंटी रोमियो अभियान के तहत छात्राओं एवं महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों, एंटी रोमियो टीम की भूमिका तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के तरीकों से अवगत कराया। साथ ही साइबर अपराधों को लेकर भी महिलाओं को जागरूक किया गया और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फर्जी कॉल व ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए।इसके अतिरिक्त विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने पात्र महिलाओं से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं में सुरक्षा का भाव मजबूत करने और उन्हें जागरूक व आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

