सीतापुर के मानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शारदा नहर पुल पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सीतापुर से चीनी लोड कर बिसवां की ओर जा रहा ट्रक (संख्या UP82 T 0696) बोलेरो वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गया और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नहर में गिरने से बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बोलेरो तेज रफ्तार में बिसवां की ओर से आ रही थी। पुल की चौड़ाई कम होने के कारण आमने-सामने वाहनों के आने पर अक्सर हादसे की स्थिति बन जाती है। इसी दौरान ट्रक चालक ने बोलेरो को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाया, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह रेलिंग तोड़ते हुए पुल के किनारे लटक गया।
घटना की सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से डंपर के सहारे ट्रक को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। गनीमत रही कि ट्रक नहर में नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। यह दुर्घटना सीतापुर-बहराइच मार्ग पर हुई, जो एक व्यस्त मार्ग है। हादसे के चलते करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
