गोरखपुर पीपीगंज जवाहर नवोदय विद्यालय जंगल अगही, पीपीगंज थाना क्षेत्र में तैनात कंप्यूटर शिक्षक अभय प्रताप सिंह (उम्र लगभग 40 वर्ष) की शनिवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बस्ती शहर के निवासी अभय प्रताप सिंह छुट्टी के बाद मोटरसाइकिल से विद्यालय लौट रहे थे, तभी पीछे से एक चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अभय प्रताप सिंह की पहली नियुक्ति मई 2023 में इसी विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षक के पद पर हुई थी। वे बस्ती के रहने वाले थे। उनकी पत्नी बस्ती जिले के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षिका हैं। दंपति के दो बच्चे हैं—बड़ा बेटा करीब 14 वर्ष का और छोटा 10 वर्ष का।
प्रधानाचार्य संजीव कुमार सक्सेना ने बताया कि अभय प्रताप सिंह छुट्टी पर घर गए थे और शनिवार सुबह वापस लौट रहे थे। बस्ती में ही दुर्घटना हुई, जिसमें पीछे से वाहन की टक्कर से वे गंभीर घायल हो गए। गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किए गए, लेकिन इलाज के दौरान नहीं बचे। शव का पोस्टमार्टम के बाद बस्ती लाया गया है। प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यालय परिवार की हरसंभव मदद करेगा और आगे की औपचारिकताओं में सहयोग किया जाएगा।इस दुखद घटना से विद्यालय परिवार और स्थानीय शिक्षक समुदाय में शोक की लहर है।
