साउंड सिस्टम के विवाद ने ली जान, कौंधियारा पुलिस ने नामित आरोपी को दबोचा
पत्नी की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई, गांव लहबरा में हुई गिरफ्तारी से मचा हड़कंप
कौंधियारा, प्रयागराज। यमुनानगर क्षेत्र के कौंधियारा थाना अंतर्गत ग्राम सभा लहबरा में एक युवक की आत्महत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पत्नी की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में नामित आरोपी सत्यप्रकाश पुत्र बटुक नारायण पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की खबर से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। मृतक अंकुर पाण्डेय की पत्नी श्रीमती कोमल ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि सत्यप्रकाश और अन्य लोगों ने उनके पति के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से आहत होकर अंकुर पाण्डेय ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सूत्रों के मुताबिक, विवाद की जड़ मुम्बई से लाए गए साउंड सिस्टम के बंटवारे को लेकर था। आपसी तनातनी धीरे-धीरे तनाव में बदली और हालात इतने बिगड़े कि एक परिवार उजड़ गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर सत्यप्रकाश को कौंधियारा थाना क्षेत्र से ही दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सत्येन्द्र प्रताप सिंह और कांस्टेबल आशीष सिंह शामिल रहे। पूछताछ में आरोपी ने साउंड सिस्टम के बंटवारे को लेकर हुए विवाद की बात स्वीकार की है। हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। गांव लहबरा में इस घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है। एक छोटे से विवाद ने जहां एक युवक की जान ले ली, वहीं पीछे छूट गए परिवार के सामने अब जीवनभर का सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस ने आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की गहराई से जांच जारी है।

