स्वतंत्रता सेनानी राजाराम आर्य की स्मृति में होगा भव्य आयोजन, सेनानी परिवारों का होगा सम्मान
बारा, प्रयागराज। यमुनानगर क्षेत्र के बारा तहसील अंतर्गत गौहनिया में इस वर्ष विजय दिवस का अवसर खास बनने जा रहा है। आगामी दस मार्च को गौहनिया स्थित एम.वी. कॉन्वेंट स्कूल परिसर में भव्य होली मिलन समारोह, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के वंशजों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति शेष राजाराम आर्य की स्मृति को समर्पित रहेगा, जिसमें साहित्य, संस्कृति और देशभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की राजनीति और समाज के कई प्रमुख चेहरे शामिल होंगे। बारा विधायक डॉ. वाचस्पति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कौशाम्बी मधु वाचस्पति विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगी। कार्यक्रम का आयोजन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज विचार समिति के संयोजक सूर्य प्रकाश समदरिया के नेतृत्व में किया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि यह समारोह केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को याद करने का अवसर भी होगा। कवि सम्मेलन में मंच पर देश और समाज की संवेदनाओं को शब्द देने वाले कई चर्चित कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। इनमें अशोक सिंह ‘बेशरम’, लाल जी सिंह ‘देहाती’, संतोष शुक्ल ‘समर्थ’, धनंजय ‘शाश्वत’, नीलम तिवारी, मोहिनी श्रीवास्तव, संतोष केसरवानी ‘ओम शांति’ तथा ठाकुर इलाहाबादी सहित कई कवि अपनी ओजपूर्ण और हास्य-व्यंग्य से भरपूर प्रस्तुतियां देंगे। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के वंशजों को सम्मानित कर उनके परिवारों के योगदान को भी सार्वजनिक रूप से नमन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से जोड़ने का भी प्रयास है। बारा विधानसभा क्षेत्र की जनता, साहित्य प्रेमियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों को कार्यक्रम में सादर आमंत्रित किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विधायक बारा के मीडिया प्रभारी नीरज केसरवानी ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और यह आयोजन क्षेत्र में साहित्यिक व सामाजिक चेतना का बड़ा मंच साबित होगा।
