परिवार न्यायालय पीलीभीत में परामर्शदाता के दो पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मा० उच्च न्यायालय इलाहाबाद के निर्देशों के अनुपालन में यह नियुक्ति की जा रही है। इस संबंध में योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय पीलीभीत संजीव कुमार सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में अपने आवेदन पत्र शैक्षिक योग्यता एवं अनुभव प्रमाणपत्रों की छायाप्रतियों सहित 26 मार्च 2026 तक कार्यालय प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय पीलीभीत में पंजीकृत डाक या व्यक्तिगत रूप से जमा कर सकते हैं।
बताया गया कि आवेदक के पास समाजशास्त्र या मनोविज्ञान विषय में स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है तथा सामाजिक सेवा का अनुभव भी होना चाहिए। वहीं सामाजिक कार्य में मास्टर डिग्री और पारिवारिक काउंसलिंग में कम से कम दो वर्ष का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 35 से 65 वर्ष के बीच होनी चाहिए। परामर्शदाता का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। यह नियुक्ति संविदा के आधार पर की जाएगी और इसे शासकीय सेवा नहीं माना जाएगा।
मानदेय के रूप में चयनित परामर्शदाता को प्रति कार्य दिवस 1000 रुपये अथवा अधिकतम 2,40,000 रुपये प्रतिवर्ष (जो भी कम हो) के अनुसार भुगतान किया जाएगा।
परिवार न्यायालय प्रशासन ने योग्य एवं अनुभवी सामाजिक कार्यकर्ताओं से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि पारिवारिक विवादों के समाधान में प्रभावी परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
