।महमूदाबाद-बिसवां मार्ग पर अतरौली स्थित कोल्ड स्टोर के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अतरौली कोल्ड स्टोर के पास एक मारुति अल्टो कार (संख्या UP32 DY 7414) और प्लैटिना बाइक (संख्या UP34 BJ 8230) के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान आकाश पुत्र रामदास, निवासी शेखपुर बिलौली बाजार के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महमूदाबाद भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते हुआ बताया जा रहा है। टक्कर के बाद दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, जिससे इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
