भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) क्षेत्रीय कार्यालय पीलीभीत के तत्वाधान में गांधी स्टेडियम सभागार में बड़े स्तर पर वृहत ऋण वितरण शिविर एवं ऋण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बैंक खाताधारक और ऋण लाभार्थी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र कुमार ने दीप प्रज्वलन कर किया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चल रही योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कैसे ये योजनाएं पीलीभीत और पूरे प्रदेश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में योगदान दे रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से एसबीआई के अद्वितीय प्रयासों की सराहना की और जनता से अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास और उपायुक्त उद्योग आशीष गुप्ता ने उपस्थित जनसमूह को नारी सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के संदर्भ में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से अवगत कराया।
क्षेत्रीय प्रबंधक सोमेश प्रताप सिंह ने बैंक की डिजिटल पहल, जैसे टैब बैंकिंग और अन्य सुविधाओं का विस्तार से उल्लेख करते हुए बताया कि बैंक समाज के हर वर्ग के उत्थान और राष्ट्र निर्माण में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।
जनपद समन्वयक एनआरएलएम वंदना सिंह ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए पीलीभीत में सेल्फ हेल्प ग्रुपों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के एसबीआई प्रयासों की सराहना की और अधिक महिलाओं को इसमें शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सीएम युवा और अन्य सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं के ऋण राशि के चेक और प्रमाणपत्र लाभार्थियों को सौंपे। मुख्य प्रबंधक ज्ञानेन्द्र चैहान, मोहम्मद सलमान, अतिन अग्रवाल, अनुराग यादव और हृदेश राव सहित बैंक की टीम उपस्थित रही। कार्यक्रम का संचालन विनीत कुमार ने किया।
एसबीआई ने इस कार्यक्रम के माध्यम से यह स्पष्ट कर दिया कि वह राष्ट्र निर्माण और जनपद के आर्थिक विकास में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
