जमुआड़ गांव के पास कम दृश्यता में हुआ हादसा; अवैध डंपरों पर नहीं लग रहा अंकुश
गोरखपुर।चिलुआताल जंगलकौड़िया–कालेसर फोरलेन पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी विद्यालय के शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा थाना चिलुआताल क्षेत्र के मजनू चौकी अंतर्गत जमुआड़ गांव के पास हुआ, जहां डंपर और बाइक की टक्कर में शिक्षक की जान चली गई।
मृतक की पहचान आशुतोष गुप्ता उर्फ बबलू (45) पुत्र जगदीश गुप्ता, निवासी नगर पंचायत उनवल वार्ड नंबर 6 के रूप में हुई है। वह जंगलकौड़िया स्थित एक निजी विद्यालय में अध्यापन कार्य करते थे। गुरुवार को स्कूल से पढ़ाकर वह अपनी बाइक (संख्या UP53DN5532) से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में डंपर (संख्या UP53LT2077) ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और डंपर को भी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, मृतक परिवार के एकमात्र पुत्र थे। उनकी दो बहनें हैं, जिन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त की है। आशुतोष निजी विद्यालय में पढ़ाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनके दो बेटे—शिवम (16) और शुभम (14) हैं। पिता जगदीश गुप्ता सेवानिवृत्त सरकारी शिक्षक हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कालेसर फोरलेन पर इन दिनों अवैध रूप से चल रहे डंपरों के कारण सड़क पर भारी मात्रा में धूल उड़ रही है। इससे दृश्यता बेहद कम हो जाती है और हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। जमुआड़ गांव के पास भी धूल के गुबार के कारण सामने से आ रहे वाहन साफ दिखाई नहीं देते, जिससे यह हादसा हुआ।
