एम्स थाना पुलिस की कार्रवाई, धोखाधड़ी के मामले में मुकदमा दर्ज
गोरखपुर, 21 मार्च 2026। जनपद में धोखाधड़ी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एम्स थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से जमीन का बैनामा कराने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार थाना एम्स में पंजीकृत मु0अ0सं0 313/2025 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(1) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त मुनीब निषाद पुत्र स्व. श्यामलाल निषाद निवासी पार्वती नगर, थाना एम्स जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया गया।
मामले के संबंध में पुलिस ने बताया कि वादिनी, जो जमीन की वास्तविक स्वामिनी हैं, की भूमि को आरोपी द्वारा कूटरचित (फर्जी) दस्तावेज तैयार कर हड़पने का प्रयास किया गया। आरोपी ने एक अन्य महिला को वादिनी के रूप में प्रस्तुत कर फर्जी तरीके से जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया। इस संबंध में पीड़िता की तहरीर पर थाना एम्स में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी की संलिप्तता की पुष्टि की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जा रही है ताकि जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े और धोखाधड़ी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
